स्पा की आड़ में चल रहा था देह व्यापार का खेल, पुलिस ने आधा दर्जन युवक - युवती समेत संचालक को भी पकड़ा
- by Manjesh Kumar
- 09-Jul-2026
- Views
दरभंगा: दरभंगा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देह व्यापार के एक गिरोह का उद्भेदन किया है। पुलिस ने चार युवती और दो युवक समेत संचालक तथा कर्मियों को भी हिरासत में लिया है। मामला दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के कमर्शियल चौक स्थित एक स्पा का है जहां गुरुवार को स्पेशल क्राइम ब्रांच की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान चार युवती और दो युवकों को पकड़ा गया वहीं स्पा के संचालक और कर्मियों को भी हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि सभी युवतियों को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है।
मौके पर पहुंचे स्पेशल क्राइम ब्रांच के डीएसपी उदय शंकर ने बताया कि स्पा सेंटर की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार संचालित होने की सूचना लगातार मिल रही थी। मौके से तीन युवतियों और एक युवक को पकड़ा गया है, जबकि स्पा सेंटर के संचालक से पूछताछ जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित अवैध गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यह कारोबार कब से संचालित किया जा रहा था।


Post a comment