पंचवटी में शूर्पणखा का अहंकार टूटा, खर-दूषण वध की कथा सुन गूंजे जय श्रीराम के जयकारे

सुलतानपुर (उप्र): चित्रकूट में भाई के प्रति भरत का अगाध प्रेम,पंचवटी में शूर्पणखा का अहंकार और खर-दूषण के संहार का प्रसंग...। भगवान श्रीराम की मर्यादा,पराक्रम और आदर्शों से जुड़े इन प्रसंगों ने शुक्रवार को श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। बल्दीराय तहसील क्षेत्र के सिंहनी स्थित अमृत गार्डेन में चल रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा के आठवें दिन अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज ने अपनी ओजस्वी वाणी से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। कथा पंडाल भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान हजारों श्रद्धालु कथा श्रवण में लीन रहे।राजन जी महाराज ने भरत चरित्र का मार्मिक वर्णन करते हुए भाई के प्रति त्याग, समर्पण और प्रेम की अनुपम मिसाल प्रस्तुत की।

उन्होंने बताया कि किस प्रकार भरत भगवान श्रीराम को अयोध्या वापस लाने के लिए चित्रकूट पहुंचे। भरत के भ्रातृप्रेम और श्रीराम के वचन पालन के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद कथावाचक ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के पंचवटी पहुंचकर पर्णकुटी में निवास करने का वर्णन किया। उन्होंने रावण की बहन शूर्पणखा के आगमन, भगवान श्रीराम के समक्ष विवाह प्रस्ताव रखने और लक्ष्मण द्वारा उसकी नाक-कान काटे जाने के प्रसंग को रोचक अंदाज में सुनाया। खर-दूषण के साथ भगवान श्रीराम के भीषण युद्ध और उनके वध का वर्णन सुन श्रद्धालु रोमांचित हो उठे। कथा को आगे बढ़ाते हुए राजन जी महाराज ने शूर्पणखा और रावण के बीच हुए संवाद के साथ ही मारीच और रावण के संवाद का विस्तार से वर्णन किया। इन प्रसंगों के साथ आठवें दिन की कथा को विश्राम दिया गया।

श्रीराम कथा के आठवें दिन आस्था के साथ सियासी दिग्गजों का भी जमावड़ा रहा। कथा के संरक्षक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह और मिल्कीपुर विधायक चंद्रभान पासवान कथा स्थल पहुंचे। नगर पालिका परिषद सुलतानपुर के चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल के साथ अयोध्या धाम के कई संत-महंतों ने भी कथा का श्रवण किया।कैबिनेट मंत्री ने उतारी व्यासपीठ की आरती की मंगलकामना

कथा के आयोजक ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह और कथा संरक्षक कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने व्यासपीठ की आरती उतारकर सभी के सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। इस अवसर पर धनपतगंज के पूर्व ब्लॉक प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू, विधायक विनोद सिंह के पुत्र पुलकित सिंह,जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी संतोष कुमार त्रिपाठी, प्रशासनिक अधिकारी दिनेश सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

  

Related Articles

Post a comment