सुल्तानपुर को CM डैशबोर्ड में मिला 'A' ग्रेड, CDO ने बैंकों को दी सख्त चेतावनी 'बिना ठोस वजह कोई आवेदन निरस्त नहीं होगा'
- by Manjesh Kumar
- 12-Nov-2026
- Views
सुल्तानपुर (उप्र): जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के कुशल निर्देशन व मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में उद्योग बन्धु, व्यापार बन्धु तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर किसी भी विभाग का कोई प्रकरण समय सीमा के उपरांत लंबित नहीं पाया गया। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा में उपायुक्त उद्योग ने समिति को अवगत कराया कि योजना में सीएम डैशबोर्ड में जनपद को 'A' ग्रेड प्राप्त हुआ है।
युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित प्रकरण तत्काल निस्तारित किए जाएं। बैंक ऑफ बड़ौदा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एवं अन्य सभी बैंकों को स्वीकृत आवेदनों का शीघ्र वितरण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वीकृति हेतु लंबित आवेदनों को शीघ्र निस्तारित कर समस्त बैंकों की पेंडेंसी शून्य करने को कहा गया। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी आवेदन को बगैर ठोस वजह के निरस्त न किया जाए। यदि ऐसा कोई प्रकरण संज्ञान में आता है तो समस्त जिम्मेदारी संबंधित बैंक शाखा प्रबंधक की होगी और ऐसे प्रकरणों पर कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में 23 विभागों द्वारा हस्ताक्षरित एमओयू की प्रगति के संबंध में उद्यमी मित्र ने बताया कि विभिन्न विभागों की 91 इकाइयों द्वारा उत्पादन कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने शेष इकाइयों से निरंतर समन्वय करते हुए उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करते हुए ससमय अद्यतन स्थिति पोर्टल पर अपडेट करते रहने के निर्देश दिए। यूपीसीडा द्वारा नए औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित पत्र पुनः प्रेषित करने के लिए उपस्थित यूपीसीडा प्रतिनिधि को निर्देशित किया गया। साथ ही सरदार वल्लभ भाई पटेल इम्प्लॉयमेन्ट एण्ड इण्डस्ट्रियल जोन के शासनादेश अनुसार यूपीडा को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
तत्पश्चात व्यापार बन्धु की बैठक में व्यापारियों ने अमहट से गोलाघाट, पयागीपुर चौराहे से गोलाघाट तथा चौक क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए कि उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी नगर तथा यातायात पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण हटाने की कार्ययोजना तैयार करें। अतिक्रमण हटाने से पूर्व पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से समुचित प्रचार-प्रसार कराते हुए अभियान चलाया जाए तथा अतिक्रमण न हटाने पर जुर्माने एवं जब्तीकरण की कार्रवाई की जाए। ठेला लगाने वालों को नए वेंडिंग जोन में स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में व्यापारियों ने मण्डी परिषद में स्वच्छता हेतु सफाई कराने का अनुरोध किया। बैठक का संचालन सहायक आयुक्त राज्य कर द्वारा किया गया। बैठक में उपायुक्त उद्योग, अधिशासी अभियंता विद्युत खण्ड, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, सहायक श्रमायुक्त, अग्रणी जिला प्रबंधक बैंक ऑफ बड़ौदा, यूपीसीडा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, जिला सूचना अधिकारी, प्रमुख बैंकों के प्रबंधक एवं अन्य विभागों के अधिकारी, ई एण्ड वाई के परामर्शी तथा जनपद के उद्यमी, व्यवसायी एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Post a comment