मोतिहारी में तालिमी कांफ्रेंस सह क्विज प्रतियोगिता आयोजित, कई छात्रों को किया गया सम्मानित

पूर्वी चंपारण: शिक्षा दिवस पर तालीमी कांफ्रेंस सह क्विज प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन बंजरिया प्रखंड क्षेत्र के सिसवनिया गॉव स्थित रहमान इंटरनेशनल स्कूल ग्राउंड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नरकटिया विधायक समाज शक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महताब आलम, डॉ मंज़र नसीम, बीडीओ प्रिंस कुमार, अंचलाधिकारी कृष्णा कुमार, पीएचसी प्रभारी डॉ शाजिया तरन्नुम, प्रोफेसर फ़ख़रुद्दीन, डॉ अकील अहमद, पूर्व पंचायत समिति सदस्य अज़ीज़ुर रहमान एवं समाजसेवी फ़ज़ले हक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

क्विज प्रतियोगिता में दो ग्रुप बनाए गए थे। ग्रुप-A (कक्षा 5 से 8) में प्रथम स्थान शमीम आलम, द्वितीय विराट कुमार एवं तृतीय विकास कुमार ने प्राप्त किया। वहीं ग्रुप-B (कक्षा 9 से 12) में प्रथम स्थान जेयउद्दीन (82 अंक), द्वितीय साजिद आलम (76 अंक) एवं तृतीय अलीशा प्रवीण (75 अंक) ने हासिल किया। सभी विजेताओं को साइकिल, क्रिकेट किट, स्कूल बैग, मोमेंटो एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को भी मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर बेहतर प्रशासनिक सेवा एवं जनहित में उत्कृष्ट कार्यों के लिए बीडीओ बंजरिया एवं अंचलाधिकारी बंजरिया को विधायक विशाल कुमार शाह एवं जिला परिषद सदस्य इंजीनियर तौसीफ़ुर रहमान द्वारा एक्सीलेंस इन पब्लिक सर्विस अवार्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के संयोजक इंजीनियर तौसीफ़ुर रहमान रहे। रहमान इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाध्यापक इंजीनियर तस्दीकर रहमान की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि मंच संचालन अहसन ज़िया ने किया। आयोजक इंजीनियर तौसीफ़ुर रहमान ने अपने संबोधन में कहा कि मौलाना आज़ाद की जयंती पर इस कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में शिक्षा के प्रति जागरूकता, प्रतिस्पर्धा की भावना एवं छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र का कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए। भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।  कार्यक्रम का समापन शिक्षा, प्रतिभा सम्मान एवं समाज के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हुआ।

  

Related Articles

Post a comment