विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर छात्रों ने लोगों को किया जागरूक, बताए दुष्प्रभाव
- by Manjesh Kumar
- 01-Jun-2026
- Views
बेगूसराय: बेगुसराय में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को तंबाकू और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने सबसे पहले बेगूसराय रेलवे स्टेशन परिसर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके बाद हीरालाल चौक एवं मुख्य बाजार क्षेत्र में भी प्रभावशाली प्रस्तुति देकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। शनिवार की शाम को विद्यार्थियों ने टाउनशिप कोऑपरेटिव मार्केट में भी नुक्कड़ नाटक का मंचन किया, जहाँ बड़ी संख्या में लोगों ने रुककर प्रस्तुति देखी और बच्चों के प्रयासों की सराहना की।
नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने बताया कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए कितना हानिकारक है और यह किस प्रकार व्यक्ति, परिवार तथा समाज को प्रभावित करता है। बच्चों के सशक्त अभिनय और जागरूकता भरे संदेश ने उपस्थित लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया। स्थानीय लोगों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों द्वारा दिया गया यह संदेश समाज को गुटखा और तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का एक सराहनीय प्रयास है। विद्यालय की प्राचार्या डॉ शीतल देवा ने विद्यार्थियों एवं गतिविधि शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा, “शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना भी है।
बच्चों ने आज जिस आत्मविश्वास और संवेदनशीलता के साथ लोगों को जागरूक किया है, वह अत्यंत सराहनीय है। मैं सभी गतिविधि शिक्षकों, विशेष रूप से सचिन सर, के प्रयासों की प्रशंसा करती हूँ, जिनके मार्गदर्शन में यह अभियान सफल हुआ। विद्यालय के निदेशक डॉ मनीष देवा ने कहा, “जब बच्चे समाज के बीच जाकर जागरूकता का संदेश देते हैं, तो उसका प्रभाव और भी अधिक होता है। यह केवल एक नाटक नहीं, बल्कि स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल है। हमें विश्वास है कि बच्चों का यह संदेश अनेक लोगों को तंबाकू से दूर रहने के लिए प्रेरित करेगा। यह अभियान विद्यार्थियों के लिए सीखने का एक अनूठा अनुभव रहा और समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश बनकर उभरा।


Post a comment