तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर बड़ा हमला, अशोक चौधरी को मंत्री पद से हटाने की मांग

पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को अचानक पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नीतीश कुमार के करीबी और मंत्री अशोक चौधरी को लेकर सम्राट सरकार पर तीखा हमला बोला। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में नियम-कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री रहते हुए नौकरी करने का मामला बेहद गंभीर है। इस मुद्दे पर राज्यसभा सांसद मनोज झा भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सरकार से सवाल पूछ चुके हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि इस मामले पर लोकभवन ने भी कड़ी आपत्ति जताई है।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मंत्री पद पर रहते हुए कोई व्यक्ति नौकरी कैसे कर सकता है? तेजस्वी ने अशोक चौधरी को तत्काल मंत्री पद से हटाने, मामले में कार्रवाई करने और उनकी विधानमंडल सदस्यता रद्द करने की मांग की। उन्होंने सम्राट चौधरी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यहां ईमानदार अधिकारियों पर कार्रवाई होती है, जबकि कथित तौर पर पैसे देकर ट्रांसफर-पोस्टिंग कराने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती।

वहीं, राहुल गांधी के देश में आर्थिक संकट वाले बयान का समर्थन करते हुए तेजस्वी ने महंगाई, बेरोजगारी और डॉलर की बढ़ती कीमत को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आर्थिक स्थिति और गंभीर हो सकती है।  इसके अलावा निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदस्यता के मुद्दे पर भी तेजस्वी ने सवाल उठाए। उनका कहना है कि निर्दलीय सदस्य द्वारा किसी राजनीतिक दल की सदस्यता लेने पर नियमों के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

  

Related Articles

Post a comment