सीमावर्ती जिला अररिया में नशा कारोबार करने वाले की नहीं है खैर, मालदा के दो तस्कर लाखों के स्मैक के साथ गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 30-Nov-2026
- Views
अररिया: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध नशे का कारोबार काफी फल फूल रहा है। खास कर सीमावर्ती जिलों में नशे के सामान की तस्करी काफी जोरो पर है। इसी कड़ी में अररिया में इन दिनों एसपी जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस लगातार नशा के विरुद्ध अभियान चला रही है और इस वर्ष महत्वपूर्ण उपलब्धि भी हासिल की है। इसी कड़ी में शनिवार की शाम भी अररिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो लोगों को करीब पौने दो किलो से अधिक मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार दोनों तस्कर पश्चिम बंगाल के मालदा के रहने वाले हैं और उनके पास से करीब 1.846 किलोग्राम स्मैक बरामद किया गया है।
मालदा के दो लोगों को किया गया गिरफ्तार
मामले की जानकारी देते हुए अररिया के एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि नगर थाना में सूचना प्राप्त हुई थी कि स्मैक की बड़ी खेप आने वाली है। सूचना के आधार पर एक टीम गठित कर छापेमारी की गई। टीम ने इकराम बाबू पेट्रोल पंप के समीप एक महिला और एक पुरुष को संदिग्ध हालत में देख पूछताछ की और तलाशी के क्रम में उनके पास से साबुनदानी में कुल 18 ज़िपर में करीब 1.846 किलोग्राम स्मैक बरामद किया गया। बरामद स्मैक का बाजार मूल्य लाखों रुपए में आंकी जा रही है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान हसन उजमन और जॉली खातून के रूप में की गई।
जिले में नशामुक्ति अभियान के साध कार्रवाई है जोरों पर
एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि चालू वर्ष में जिले में नशा के विरुद्ध अभियान में पुलिस को काफी सफलता मिल रही है। जिले की पुलिस ने अकेले नवंबर महीने में करीब 4 किलो से अधिक स्मैक बरामद किया है जबकि इस वर्ष जनवरी से अब तक हमने करीब 22 किलो स्मैक बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में कभी 2 तो कभी 3 या 4 जब्त किया जाता था जबकि इस बार काफी अधिक जब्ती हुई है।
लोगों को कर रहे जागरूक
एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि हमलोग सप्लाई चेन के साथ ही डिमांड करने वालों पर भी नकेल कस रहे हैं साथ ही लगातार केंद्र और राज्य सेककर के निर्देशानुसार जागरूकता अभियान भी चला रहे हैं। हमलोग नशामुक्ति को लेकर आमजन को जागरूक कर रहे हैं और कार्रवाई भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मालदा का यह चौथा गैंग है जिसका उद्भेदन किया गया है। हमलोग पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटे हुए हैं।


Post a comment