24 जनवरी को प्रदेश भर में आयोजित होगा ‘कर्पूरी जयंती पर नीतीश संवाद’, तैयारियों को लेकर जदयू कार्यालय में बैठक

जननायक कर्पूरी ठाकुर की तरह नीतीश कुमार ने भी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का काम किया - रामनाथ ठाकुर

पटना: आगामी 24 जनवरी को जनता दल (यू) की ओर से भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर ‘कर्पूरी जयंती पर नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक बबलू मंडल ने की। बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, बिहार सरकार के मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, मंत्री मदन सहनी, सांसद अजय मंडल, संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी सहित कई वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहे।

इस दौरान पार्टी के विधायकगण, विधान पार्षदगण, सभी नौ प्रमंडलों के जिलाध्यक्षगण तथा अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारी एवं जिलाध्यक्ष भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने और इसे पूरे उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित करने को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

गौरतलब है कि पार्टी की ओर से 15 जनवरी से 21 जनवरी तक पंचायत स्तर पर ‘कर्पूरी जयंती पर नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 22 एवं 23 जनवरी को मुख्य आयोजन की तैयारियों के मद्देनजर प्रखंड स्तर पर तैयारी बैठकें होंगी। इसके उपरांत 24 जनवरी को राज्य के सभी प्रखंडों में हर्षोल्लास के साथ ‘कर्पूरी जयंती पर नीतीश संवाद’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि 15 से 21 जनवरी तक पंचायत स्तर पर ‘कर्पूरी जयंती पर नीतीश संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 22 एवं 23 जनवरी को मुख्य आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रखंड स्तर पर बैठकें होंगी। उन्होंने कहा कि 24 जनवरी को इस कार्यक्रम को पूरे प्रदेश में उत्सव के रूप में मनाना है और इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाना है।

उन्होंने कहा कि बीते दो दशकों में नीतीश कुमार ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अतिपिछड़ा समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़़ने के साथ-साथ राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाया है। ‘कर्पूरी जयंती पर नीतीश संवाद’ के माध्यम से अतिपिछड़़ा समाज को एकजुटता का परिचय देना है तथा बीते दो दशकों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही, इन योजनाओं से लाभान्वित लोगों को कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित करना है।


केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और उनके उत्थान की चिंता करने का काम किया। उसी राह पर नीतीश कुमार ने भी सभी वर्गों के विकास की चिंता करते हुए न्याय के साथ विकास की धारा को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ‘कर्पूरी जयंती पर नीतीश संवाद’ कार्यक्रम को धूमधाम से मनाना है और लोगों के बीच जाकर बताना है कि बीते दो दशकों में नीतीश कुमार ने किस तरह बिहार की तस्वीर और तकदीर बदली है। शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार ने जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों एवं मार्गों पर चलते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के लिए काम किया, उनके हित में अनेक योजनाएं लागू कीं तथा न्याय के साथ विकास की नई मिसाल कायम की। इसका परिणाम है कि आज अतिपिछड़ा समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन तमाम उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाना है।

मंत्री मदन सहनी ने कहा कि ‘कर्पूरी जयंती पर नीतीश संवाद’ कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाना है और इसके लिए पार्टी के प्रत्येक साथी को पूरी ताकत से जुटना होगा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अतिपिछड़ा समाज के लिए जो कार्य किए हैं, वे हमेशा स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेंगे। उन्होंने जातीय गणना के आधार पर अतिपिछड़़ा समाज के आरक्षण को 18 प्रतिशत से बढ़़ाकर 25 प्रतिशत करने का निर्णय लिया, जो वर्तमान में माननीय न्यायालय में लंबित है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस मामले में सकारात्मक परिणाम अवश्य सामने आएगा। अजय मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार अतिपिछड़ा समाज के सच्चे हिमायती हैं। उन्होंने अपने दो दशकों के शासनकाल में अपने कार्यों से इसे साबित किया है। ‘कर्पूरी जयंती पर नीतीश संवाद’ के माध्यम से भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के विचारों और श्री नीतीश कुमार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाना है।

कार्यक्रम में विधान पार्षद सह प्रवक्ता डाॅ भारती मेहता, विधायक पन्ना लाल सिंह पटेल, विजय सिंह निषाद, ललित नारायण मंडल, राधाचरण साह, ईश्वर मंडल, मीना कामत, रामविलास कामत, नागेंद्र चंद्रवंशी, नचिकेता मंडल, कलाधर मंडल, विधान पार्षद ललन प्रसाद एवं प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा, अरुण वर्मा, सतीश कुमार, भीष्म सहनी, हीरा प्रसाद विन्द, विद्यासागर निषाद, भूमिपाल राय, अरविन्द निषाद, शिवशंकर निषाद, ई अजय कुमार आजाद, नरेंद्र चंद्रवंशी, रवि ज्योति बिल्लू, अवधेश कुमार मौजूद रहे। वहीं, अंत में कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन गुंजेश्वर साह ने किया।

  

Related Articles

Post a comment