अभियान बसेरा 2.0 सहित विभिन्न योजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता को लेकर उप विकास आयुक्त ने की समीक्षा बैठक
- by Manjesh Kumar
- 23-Nov-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: उप विकास आयुक्त निशांत सिहारा की अध्यक्षता में सोमवार को जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में अंचलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान बसेरा-2, वीबी-रामजी के तहत ग्रामीण हाट के निर्माण सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता, अनापत्ति प्रमाण पत्र, भूमि सीमांकन तथा भूमि से संबंधित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित योजनाओं के लिए आवश्यक भूमि को चिह्नित करते हुए उसकी उपलब्धता सुनिश्चित करें। भूमि से संबंधित मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं हो, इसके लिए एनओसी निर्गत करने एवं सीमांकन की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए भूमि की उपलब्धता एक महत्वपूर्ण पहलू है। अतः सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए इस दिशा में गंभीरतापूर्वक कार्य करें।
बैठक में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस क्रम में उप विकास आयुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को एसएलडब्ल्यूएम के तहत निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सभी आवश्यक कार्यों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट के समुचित प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी एवं जिम्मेदारी आवश्यक है। उन्होंने भूमि संबंधी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा कार्यों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। बैठक में जिले के सभी संबंधित अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Post a comment