आजमनगर बाजार में अतिक्रमण के कारण लगा महाजाम, घंटों परेशान रहे राहगीर
- by Manjesh Kumar
- 18-Nov-2026
- Views
कटिहार: आजमनगर बाजार में सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। बुधवार को बाजार में अतिक्रमण और वाहनों की अत्यधिक आवाजाही के कारण भीषण महाजाम लग गया। इस दौरान आम लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे।
बताया जाता है कि आजमनगर-सालमारी मुख्य मार्ग, केसरी चौक, ब्लॉक रोड एवं मस्जिद चौक पर सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैला देने और वाहनों को अव्यवस्थित तरीके से खड़ा करने के कारण सड़क संकरी हो जाती है। इससे आवागमन में काफी कठिनाई होती है।
गौरतलब है कि प्रत्येक बुधवार को आजमनगर में साप्ताहिक हाट लगता है। हाट के दिन आसपास के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने बाजार पहुंचते हैं। लोगों की भीड़ और वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है। बुधवार को भी यही स्थिति देखने को मिली। बाजार में लगे महाजाम के कारण दोपहिया, चारपहिया वाहनों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई लोग अपने जरूरी काम छोड़कर जाम खुलने का इंतजार करते रहे।
हालांकि, जाम की सूचना मिलने पर आजमनगर प्रशासन ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मोर्चा संभाला। प्रशासनिक पहल और काफी मशक्कत के बाद जाम को मुक्त कराया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार के प्रमुख चौक-चौराहों से अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए तथा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके।


Post a comment