देशभर में पूर्णिया के उफरैल मध्य विद्यालय का जलवा, 191 स्कूलों में मिला 21वां स्थान, राष्ट्रपति करेंगे सम्मानित

पूर्णिया:  सरकारी विद्यालयों की पहचान अक्सर संसाधनों की कमी और व्यवस्था की चुनौतियों से जुड़ी होती है, लेकिन पूर्णिया का उफरैल मध्य विद्यालय अपनी मेहनत, बेहतर प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति समर्पण से एक अलग मिसाल पेश कर रहा है। विद्यालय ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि का परचम लहराया है। स्वच्छता, पेयजल, शौचालय संचालन एवं रखरखाव, व्यवहार परिवर्तन और क्षमता निर्माण से जुड़ी मिशन लाइफ गतिविधियों के तहत पूरे देश के चयनित 191 विद्यालयों में उफरैल मध्य विद्यालय ने 21वां स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए विद्यालय को जल्द ही राष्ट्रपति के हाथों प्रशस्ति पत्र और एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

इस बड़ी उपलब्धि की खबर मिलते ही विद्यालय के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि उफरैल मध्य विद्यालय के लिए राष्ट्रीय स्तर पर यह कोई पहली सफलता नहीं है। विद्यालय इससे पहले भी अपनी कार्यशैली और स्वच्छता व्यवस्था के दम पर कई पुरस्कार हासिल कर चुका है। वर्ष 2021-22 में पूरे बिहार में स्वच्छता के क्षेत्र में विद्यालय को प्रथम स्थान मिला था। इसके बाद 2022-23 में भी स्वच्छता स्थायित्व पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

विद्यालय की उपलब्धियों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां के दो प्रधानाध्यापकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार भी मिल चुका है। वर्ष 2006 में पूर्व प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह को और वर्ष 2010 में वर्तमान प्रधानाध्यापिका अर्चना को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा विद्यालय को राज्य स्तर पर भी पुरस्कार मिल चुके हैं।

प्रधानाध्यापिका अर्चना ने इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि विद्यालय के सभी शिक्षकों, बच्चों और अभिभावकों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। सभी के सहयोग और निरंतर प्रयास से विद्यालय को लगातार सम्मान मिल रहा है। वहीं शिक्षक राजीव रंजन भारती ने कहा कि प्रधानाध्यापिका अर्चना के कुशल नेतृत्व, शिक्षकों की मेहनत और बच्चों की सक्रिय भागीदारी से विद्यालय लगातार नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। छात्रा मिट्ठू रानी ने भी कहा कि पूरे देश में अपने विद्यालय का 21वां स्थान आना उनके लिए गर्व की बात है।

सीमित जगह और संसाधनों के बावजूद विद्यालय में स्वच्छता को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री के संदेश 'एक पेड़ मां के नाम' से प्रेरित होकर परिसर में विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधे और औषधीय पौधे लगाए गए हैं। शौचालयों, पुस्तकालय, कक्षाओं और विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इसके साथ ही कमरों और बाहरी दीवारों पर आकर्षक चित्रकारी के माध्यम से विद्यालय को सुंदर और स्वच्छ बनाया गया है।

उफरैल मध्य विद्यालय की यह उपलब्धि न सिर्फ पूर्णिया जिले के लिए गर्व की बात है, बल्कि उन सरकारी विद्यालयों के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों में बेहतर शिक्षा और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहे हैं।

  

Related Articles

Post a comment