क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी और बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य की जयंती पर सभापति ने दी श्रद्धांजलि

पटना: बुधवार को बिहार विधान परिषद् में सुप्रसिद्ध क्रांतिकारी, स्‍वतंत्रता सेनानी एवं बिहार विधान परिषद् के सदस्‍य रहे बटुकेश्‍वर दत्त की 116वीं जयंती मनाई गई। कार्यकारी सभापति प्रो (डॉ) रामवचन राय ने बिहार विधान मंडल मुख्‍य द्वार के दक्षिण में स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर मार्ल्यापण कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए अपना सर्वस्‍व न्‍योछावर करने वाले महान स्‍वतंत्रता सेनानी शहीद भगत सिंह के सहयोगी बटुकेश्‍वर दत्त का नाम श्रद्धा पूर्वक लिया जाता है।

कार्यकारी सभापति ने कहा कि उन्होंने शहिद-ए-आजम भगत सिंह के साथ दिल्ली के केंद्रीय असेम्बली में बम फेंक कर अंग्रेजी हुकूमत को दहलाने का काम किया था। बटुकेश्वर दत्त पर सेंट्रल असेंबली में बम फेंकने का मुकदमा चलाया गया और उन्हें आजीवन कारावास एवं कालापानी की सजा सुनाई गई और सेलुलर जेल, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में भेज दिया गया। कई सालों बाद उन्हें जेल से रिहा किया गया। जेल से रिहा होने के बाद उन्होंने फिर से आजादी की लड़ाई में हिस्सा लिया और महात्मा गांधी के भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लिया। जिसके कारण उन्हें चार साल के लिए फिर से जेल जाना पड़ा।

जयंती समारोह में उप नेता प्रो (डॉ) राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, पूर्व सदस्‍य हरेन्‍द्र प्रताप, बिहार विधान परिषद् एवं विधानसभा के सचिव शिव गोपाल मिश्र एवं संजय कुमार और पदाधिकारियों ने बटुकेश्वर दत्त की प्रतिमा पर मार्ल्यापण किया।

  

Related Articles

Post a comment