यहां आंगनबाड़ी केंद्र खुलने का नहीं है कोई नियत समय, ग्रामीणों ने कहा 'नौनिहालों पर पड़ता है असर'

कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड क्षेत्र की सकरैली पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। महादलित टोला स्थित केंद्रों में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और निर्धारित समय के पालन पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन का समय सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस अवधि में बच्चों को नाश्ता, प्रारंभिक शिक्षा, पोषण आहार तथा दोपहर का भोजन उपलब्ध कराया जाना है। लेकिन पंचायत के कई केंद्रों में निर्धारित समय का पालन नहीं किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार पंचायत के वार्ड संख्या-6 स्थित महादलित टोला के आंगनबाड़ी केंद्र पर सुबह 8:30 बजे तक ताला लटका मिला। केंद्र बंद रहने के कारण केंद्र संख्या एवं वहां कार्यरत सेविका की जानकारी भी नहीं मिल सकी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब केंद्र समय पर नहीं खुलेंगे तो बच्चों को सरकार द्वारा निर्धारित सुविधाएं कैसे मिल पाएंगी। वहीं वार्ड संख्या-7 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-295 का भी हाल कुछ ऐसा ही देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर न तो सेविका ममता कुमारी मौजूद थीं और न ही सहायिका बबीता कुमारी। केंद्र पर एक भी बच्चा उपस्थित नहीं पाया गया, जिससे केंद्र के नियमित संचालन पर प्रश्नचिह्न लग गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्देश्य बच्चों को पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, लेकिन समय पर केंद्र नहीं खुलने और कर्मियों की अनुपस्थिति से इसका सीधा असर नौनिहालों पर पड़ रहा है। खासकर महादलित टोला के बच्चों को मिलने वाली सरकारी सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा, जब जमीनी स्तर पर उनका सही तरीके से क्रियान्वयन हो।

  

Related Articles

Post a comment