कटिहार में आंगनबाड़ी केंद्रों में किया गया बर्तन का वितरण, सेविकाओं समेत बच्चों में खुशी
- by Manjesh Kumar
- 21-May-2026
- Views
कटिहार: महिला एवं बाल विकास विभाग आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को बेहतर पोषण एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रहा है। इसी कड़ी में कटिहार के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बर्तन सेट उपलब्ध कराया गया, जिसका वितरण सेविकाओं के बीच किया गया। इस पहल से केंद्रों पर बच्चों को पौष्टिक आहार परोसने में सुविधा होगी और साफ-सफाई के साथ भोजन उपलब्ध कराया जा सकेगा।
जानकारी देते हुए आजमनगर आईसीडीएस कार्यालय के सांख्यिकी सहायक तनिष्क कुमार ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के कुल 355 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बर्तन सेट विभाग की ओर से प्राप्त हुआ है। इन सभी बर्तन सेटों का वितरण संबंधित केंद्रों की सेविकाओं के बीच किया जा रहा है ताकि बच्चों के लिए संचालित पोषण योजनाओं का बेहतर तरीके से क्रियान्वयन हो सके। उन्होंने बताया कि सरकार की प्राथमिकता है कि आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले नौनिहाल बच्चों को पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सुविधाएं और प्रारंभिक शिक्षा का बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाए। नए बर्तन मिलने से भोजन वितरण व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी तथा बच्चों को स्वच्छ वातावरण में पोषण युक्त भोजन दिया जा सकेगा।
वहीं, आंगनबाड़ी सेविकाओं ने भी विभाग के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि कई केंद्रों पर पुराने बर्तन खराब हो चुके थे, जिससे बच्चों के लिए भोजन तैयार करने और परोसने में परेशानी होती थी। नए बर्तन मिलने से कार्य में आसानी होगी और बच्चों की देखभाल बेहतर तरीके से की जा सकेगी। बता दें कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं छोटे बच्चों को पोषण संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में बुनियादी संसाधनों की उपलब्धता योजनाओं के प्रभावी संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।


Post a comment