तिरहुत शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, शिक्षकों ने लिया बढ़ चढ़ कर हिस्सा तो स्नातक...
- by Manjesh Kumar
- 23-Oct-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं प्रावधानों के अनुरूप बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्वि-वार्षिक निर्वाचन, 2026 के लिए चारों जिलों सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली- के 203 मतदान केन्द्रों पर मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। मतदाताओं ने काफ़ी उत्साह से मताधिकार का प्रयोग किया। 4 बजे अपराह्न तक प्राप्त सूचना के आधार पर तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में क्रमशः 42.15 प्रतिशत तथा 78.10 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान के दौरान किसी अप्रिय घटना, हिंसा अथवा विधि-व्यवस्था संबंधी गंभीर शिकायत की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थी। प्रेक्षकों तथा निर्वाची पदाधिकारी, तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-सह-आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर द्वारा इसका सतत अनुश्रवण किया गया। मतदान 8 बजे पूर्वाह्न समय से शुरू हुआ एवं सुचारू रूप से संचालित हुआ। प्रमंडल-स्तरीय नियंत्रण कक्ष से सभी जिलों से रिपोर्ट ली जाती रही। प्रमंडलीय आयुक्त के निर्देश पर सभी जिलों में जिला पदाधिकारियों एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/ पुलिस अधीक्षकों द्वारा मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया गया। जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों द्वारा भी नियमित तौर पर निगरानी की गई।
प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने कहा कि अधिकारियों ने सुविकसित कम्युनिकेशन प्लान के अनुसार आपस में सार्थक समन्वय एवं सुदृढ़ संवाद स्थापित कर बेहतरीन कार्य किया। आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहकर उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुगम यातायात एवं सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित किया गया।पदाधिकारियों ने निदेशों का पालन करते हुए पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ मतदान सफलतापूर्वक संपन्न कराया। प्रशासनिक भवन, एमआईटी, मुजफ्फरपुर को तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 के लिए पोल्ड मतपेटिका वज्रगृह (पोल्ड बैलट बॉक्स स्ट्रॉंग रूम) एवं मतगणना स्थल के रूप में स्थापित किया गया है। मतदान समाप्ति के उपरान्त चारों जिलों- मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर एवं वैशाली-से आने वाले पोल्ड मतपेटिकाओं एवं अन्य कागजातों तथा सामग्रियों को एमआईटी स्थित संग्रहण केन्द्र-सह-बज्रगृह पर प्राप्त किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न काउंटर्स के निर्माण सहित सुरक्षित संधारण के लिए आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्था की गई है। वरीय अधिकारियों द्वारा पोल्ड बैलट बॉक्स के संग्रहण का अनुश्रवण किया जा रहा है।27 अक्टूबर को एमआईटी के प्रशासनिक भवन में मतगणना होना निर्धारित है।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन का हर चरण महत्वपूर्ण होता है। नामांकन, स्क्रूटिनी, मतदान सहित अभी तक का हर कार्य आयोग के दिशा-निर्देशों, नियमों एवं मापदण्डों के अनुरूप पारदर्शी तथा निष्पक्ष तरीके से संपन्न किया गया है। हमें पूर्ण विश्वास है कि मतगणना भी शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा। इसके लिए भी प्रशिक्षण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही है। प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण वातावरण में निर्वाचन सम्पन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।
रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment