बाढ़ के बीच बरारी पहुंचे आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री, राहत व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत का लिया जायजा

कटिहार: गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा बुधवार को बरारी पहुंचे। मंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत शिविरों में रह रहे पीड़ितों से मुलाकात की और मौके पर उपलब्ध कराई जा रही राहत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति और राहत-बचाव अभियान की विस्तृत जानकारी लेते हुए प्रभावित लोगों को हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री सबसे पहले छोटी भैसदीरा स्थित बाढ़ राहत शिविर केंद्र संख्या- 59 पहुंचे। यहां उन्होंने शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने मेडिकल कैंप का निरीक्षण कर दवाओं, चिकित्सकीय सुविधा और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इसके बाद मंत्री दक्षिणी भंडारतल पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित राहत शिविर केंद्र संख्या-2 पहुंचे। यहां संचालित सामुदायिक किचन का निरीक्षण किया और बाढ़ पीड़ितों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था को देखा।

राहत शिविरों में भोजन, स्वास्थ्य से लेकर पशु चारा तक की व्यवस्था

मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। प्रभावित इलाकों में सामुदायिक रसोई, मेडिकल कैंप, पशु चारा, शौचालय समेत आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार की प्राथमिकता बाढ़ की विषम परिस्थितियों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जान-माल के नुकसान को न्यूनतम रखना है।

अधिकारियों से ली प्रभावित इलाकों और राहत कार्यों की रिपोर्ट

दौरे के दौरान मंत्री ने जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, राहत शिविरों, सामुदायिक किचन और राहत-बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की जरूरत के अनुसार राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। मौके पर बरारी विधायक विजय सिंह निषाद, कदवा विधायक सह पूर्व सांसद दुलाल चंद गोस्वामी, डीएम आशुतोष द्विवेदी, एसडीएम सूरज कुमार, आपदा एडीएम फिरोज आलम, सीओ सह बीडीओ मनीष कुमार, बीपीआरओ राजकुमार सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, जदयू नेता चंद्रमोहन सिंह, जदयू प्रदेश नेता अरविंद भगत, जिला परिषद सदस्य गुणसागर पासवान, बीस सूत्री उपाध्यक्ष विक्की साह, विधान पार्षद प्रतिनिधि राजीव कुमार भारती, विधायक प्रतिनिधि राजीव चौधरी, मुखिया मो इब्राहिम, लक्ष्मीपुर मुखिया प्रतिनिधि राजीव कुमार भारती, जदयू जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश राय, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

  

Related Articles

Post a comment