बुद्धौलमणी सरकारी पोखर की खुदाई में अनियमितता के आरोप, डीसीएलआर ने की जांच

कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर पंचायत के बुधौलमनी गांव के समीप स्थित सरकारी पोखर की खुदाई में अनियमितता बरते जाने के आरोपों की जांच बुधवार को बारसोई डीसीएलआर मनकेश्वर कुमार एवं लघु जल संसाधन विभाग के अभियंता रोबिन तिवारी ने की। जांच कटिहार जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर की गई। बताया गया कि पोखर खुदाई का कार्य मां शीतला इंटरप्राइजेज कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। कार्य में अनियमितता को लेकर पंचायत के पूर्व मुखिया अक्षय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री बिहार सरकार एवं लघु जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को आवेदन देकर जांच की मांग की थी। शिकायत में पोखर से निकाली गई लाखों रुपये की मिट्टी को बाहर बेचने का आरोप लगाया गया था।

जांच के दौरान डीसीएलआर ने पोखर की मापी कराई। इसके बाद पोखर के आसपास स्टॉक की गई मिट्टी तथा ईंट-भट्ठे में रखी मिट्टी के नमूने जांच के लिए अपने साथ ले गए। अधिकारियों ने पोखर की खुदाई और निकाली गई मिट्टी के उपयोग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली। डीसीएलआर मनकेश्वर कुमार ने बताया कि सरकारी पोखर की खतियानी रकबा के अनुसार खुदाई का कार्य कराया गया है। खुदाई के दौरान काफी मात्रा में मिट्टी निकलने की बात सामने आई है, लेकिन पोखर के चारों ओर उतनी मात्रा में मिट्टी से बांध या भींडा बनाया हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। इससे यह सवाल उठता है कि पोखर से निकली मिट्टी का उपयोग कहां किया गया।

लघु जल संसाधन विभाग के अभियंता रोबिन तिवारी ने बताया कि जांच की जा रही है कि पोखर से निकली मिट्टी कहां-कहां गई है। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। विभिन्न बिंदुओं की पड़ताल के बाद रिपोर्ट संबंधित विभाग को सौंपी जाएगी। मौके पर पूर्व मुखिया अक्षय कुमार सिंह, मोहम्मद शाकिर सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।

  

Related Articles

Post a comment