अग्निकांड पीड़ित चार परिवारों को अंचल प्रशासन ने दी राहत, 12-12 हजार रुपये का चेक सौंपा

कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र के निमोल पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 6 स्थित रंगापोखर गांव में गुरुवार को हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित चार परिवारों को आजमनगर अंचल प्रशासन ने त्वरित राहत पहुंचाई है। शुक्रवार को अंचल प्रशासन की ओर से प्रत्येक पीड़ित परिवार को 12 हजार रुपये का चेक एवं राहत सामग्री किट उपलब्ध कराई गई।  बता दें कि गुरुवार को रंगापोखर गांव में अचानक लगी आग में सहानवी खातून, अजमेरी खातून, काजली खातून एवं मोहम्मद जाहिर के आवासीय घर जलकर राख हो गए थे। अगलगी की इस घटना में घरों में रखे जरूरी कागजात, मोटरसाइकिल, चांदी के सामान, अनाज, बर्तन, कपड़े, फर्नीचर समेत दैनिक उपयोग की तमाम वस्तुएं जलकर राख हो गई थीं। इस घटना के बाद चारों परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट उत्पन्न हो गया था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए आजमनगर अंचल अधिकारी अजय कुमार सिंह ने सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री किट और 12-12 हजार रुपये की सहायता राशि चेक के माध्यम से उपलब्ध कराई। वहीं, निमोल पंचायत की मुखिया कुलसुम बेगम ने बताया कि अग्निकांड में चारों परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने जिला पदाधिकारी से पीड़ित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान उपलब्ध कराने की मांग की है। मुखिया ने अंचल प्रशासन की त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर राहत सामग्री और मुआवजा उपलब्ध कराना सराहनीय कार्य है।

  

Related Articles

Post a comment