छठ महापर्व के पहले दिन बरारी सीढ़ी घाट पर दिखी बदइंतजामी, कीचड़ की वजह से फिसलते श्रद्धालु रहे परेशान

भागलपुर: एक तरफ छठ महापर्व को लेकर राज्य सरकार हर संभव सुविधा मुहैया करवाने के तत्पर दिखी तो दूसरी तरफ भागलपुर में गंगा घाट पर बदइंतजामी दिखी। छठ के पहले दिन नहाय खाय के अवसर पर भागलपुर के बरारी सीढ़ी घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भागलपुर के अलावा बांका, मुंगेर, मधेपुरा सहित आसपास के कई जिलों और पड़ोसी राज्य झारखंड एवं बंगाल से भी बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान करने पहुंचे। लेकिन आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे श्रद्धालुओं को घाट पर बदइंतजामी का सामना करना पड़ा। कहीं कीचड़, कहीं दलदल तो कहीं कूड़े-कचरे का अंबार नजर आया। हालात ऐसे थे कि श्रद्धालु दलदल में फंसते और फिसलते हुए किसी तरह गंगा तक पहुंच रहे थे। कई लोग एक-दूसरे का हाथ पकड़कर और सहारा लेकर गंगा स्नान करते दिखे।

श्रद्धालुओं का आरोप है कि छठ जैसे बड़े महापर्व को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से घाट पर जरूरी इंतजाम नहीं किए गए हैं। घाट की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। आलम यह रहा कि कई श्रद्धालु परिवार के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे, लेकिन घाट पर कीचड़, दलदल और गंदगी देखकर बिना स्नान किए ही वापस लौट गए। घाट की इस बदहाल व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि जब छठ महापर्व की शुरुआत हो चुकी है, तब भी घाटों की सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।

  

Related Articles

Post a comment