बैंक में नोट बदलने का झांसा देकर हजारों उड़ाने वाले गिरोह पर पुलिस का प्रहार, साला-बहनोई पटना से गिरफ्तार

शेखपुरा: बैंक में नोट बदलने का झांसा देकर ग्राहकों की गाढ़ी कमाई लूटने वाले अंतरजिला ठगी गिरोह के दो आरोपियों को शेखपुरा पुलिस ने पटना जिले के बख्तियारपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नया टोला संगत पर निवासी मनोज कुमार उर्फ मनोज पांडेय और रवि मिश्रा के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में साला-बहनोई हैं और इनका पूर्व से कई थानों में आपराधिक इतिहास बताया गया है। मामला शेखपुरा थाना कांड संख्या 280/26 से जुड़ा है। बीते 1 अक्टूबर को केनरा बैंक की पचना शाखा में बरबीघा के शिक्षक प्रशांत कुमार को छोटे नोट के बदले बड़े नोट देने का झांसा देकर 10 हजार रुपये ठग लिए गए थे।

पुलिस ने स्केच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की। मीडिया में खबर प्रसारित होने के बाद मिली गुप्त सूचना पर 31 अक्टूबर को शेखपुरा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में एएसआई रौशन कुमार एवं सशस्त्र बल की विशेष टीम ने बख्तियारपुर पुलिस के सहयोग से छतरपाल बाबा मंदिर के पास छापेमारी कर दोनों को दबोच लिया। गिरोह के एक अन्य सदस्य की औरंगाबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की भी जानकारी है। बताते चलें की इस गिरोह के एक सदस्य को औरंगाबाद पुलिस ने भी गिरफ्तार किया है. जबकि अन्य जगह पर पुलिस इसकी जांच कर रही है।

सावधान! बैंक में अनजान व्यक्ति से नोट बदलना पड़ सकता है भारी। ठग मीठी बातों में उलझाकर आपकी मेहनत की कमाई लेकर फरार हो सकते हैं। किसी अजनबी को नकदी न दें, न ही उससे नोट बदलें। संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल बैंककर्मी या पुलिस को सूचना दें। साइबर ठगी की स्थिति में 1930 पर शिकायत करें। आपकी सतर्कता ही ठगों की सबसे बड़ी हार है।

  

Related Articles

Post a comment