बरबीघा में युवती की संदिग्ध मौत के बाद सड़क पर उतरे परिजन, पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
- by Manjesh Kumar
- 01-Nov-2026
- Views
शेखपुरा: बरबीघा नगर परिषद क्षेत्र के फैजाबाद मोहल्ले में 19 वर्षीय युवती सोनम कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। मृतिका मूल रूप से बलवापर गांव की रहने वाली थी और बरबीघा में किराये के मकान में रह रही थी। युवती का शव मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम और फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। यह मामला मिशन थाना बरबीघा, जिला शेखपुरा के अंतर्गत आता है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद आज मृतका के परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने बरबीघा-वॉर्सलीगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि पुलिस की कथित लापरवाही के कारण आरोपी युवक फरार होने में सफल रहा। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि घटना के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने आरोपी युवक की मां को भी मामले में जिम्मेदार बताते हुए उसकी गिरफ्तारी की मांग की।
परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करने, आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और मृतका को न्याय दिलाने की मांग की। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम को हटा दिया गया था और मुख्य मार्ग पर आवागमन सामान्य हो गया था।


Post a comment