आरके पैंथर्स ने आजमनगर को 43 रन से हराकर जीता क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-4 का खिताब
- by Manjesh Kumar
- 01-Nov-2026
- Views
विजेता टीम को 30 हजार रुपये और चमचमाती ट्रॉफी, उपविजेता टीम को मिले 20 हजार रुपये
कटिहार: कटिहार जिला के आजमनगर यूथ क्लब के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-4 का फाइनल मुकाबला रविवार को आजमनगर के सद्भावना मैदान में खेला गया। रोमांचक मुकाबले में आरके पैंथर्स तुनीडिग्गी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आजमनगर की टीम को 43 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबला देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।
फाइनल मुकाबले में टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आरके पैंथर्स तुनीडिग्गी की टीम ने निर्धारित 16 ओवर में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 283 रन बनाए। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी आजमनगर की टीम ने भी जोरदार बल्लेबाजी की और निर्धारित 16 ओवर में 239 यूरन ही बना सकी। इस तरह आरके पैंथर्स की टीम ने 43 रनों से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की चमचमाती ट्रॉफी के साथ 30 हजार रुपये की पुरस्कार राशि अपने नाम कर ली। वहीं उपविजेता रही आजमनगर की टीम को 20 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
मैच समाप्ति के बाद आलमपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि इजहार आलम, रिकी भगत, सोनू भगत, रोहित केशरी, रूपम केशरी, अजय शर्मा और कंचन केशरी सहित अन्य अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मैच के दौरान गौरव कुमार केसरी और कंचन केसरी ने अपनी शानदार कमेंट्री से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। टूर्नामेंट को सफल बनाने में आजमनगर यूथ क्लब के अध्यक्ष भास्कर राय, गंगेश पासवान, अमित ठाकुर, रोहन पोद्दार, विशाल राय, शिवम लाल, रेहान, ऋतिक, धनराज मंडल, संजय सहित क्लब के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Post a comment