विधिक सेवा प्राधिकरण के मेगा शिविर में उमड़े सैकड़ों लाभार्थी, एक ही छत के नीचे मिली दो दर्जन विभागों की योजनाओं की जानकारी

सुल्तानपुर (उप्र): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुल्तानपुर के तत्वावधान में आज रविवार को पं राम नरेश त्रिपाठी सभागार में वृहद विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में तकरीबन दो दर्जन विभागों ने जागरूकता कैम्प लगाया, जिसमें सैकड़ों नागरिकों ने विधिक लाभ उठाया। दर्जनों पैरा लीगल वॉलिंटियर भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के पूर्व जनपद न्यायाधीश सुनील कुमार चतुर्थ ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दर्जनों अफसरों और बार अध्यक्ष को पौधा देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मुक्ता त्यागी ने किया।

सचिव मुक्ता त्यागी ने बताया कि शिविर रविवार को इसलिए आयोजित किया गया, क्योंकि इस दिन सबका अवकाश रहता है, जिससे सभी विभागों के लोग अधिक से अधिक प्रतिभाग कर सकें। एक ही छत के नीचे सभी विभागों को इसलिए बुलाया गया कि लोगों को विभिन्न विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें। योजना की जानकारी हो, चाहे पंजीकरण हो, चाहे चिन्हांकन हो, सब एक ही दिन में कराया जा सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से जैसा निर्देश प्राप्त होगा, उसके अनुपालन में इसी तरह के कार्यक्रम कराए जाएंगे। एक सवाल के जवाब में सचिव मुक्ता त्यागी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी 12 दिसंबर को प्रस्तावित है। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए कैंप भी लगाए जा रहे हैं और प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण हो सके।

शिविर में जिला जज, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, एएसपी अमेठी, एसपी सुल्तानपुर, सीडीओ सुल्तानपुर, डीडीओ सुल्तानपुर, डीपीआरओ, एसडीएम कादीपुर शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सीएमओ, अध्यक्ष बार, एडीजे प्रथम, एडीजे द्वितीय नोडल अधिकारी मेगा कैम्प सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

  

Related Articles

Post a comment