दमकल गाड़ी की चपेट में आने से महिला की मौत, बेटी गंभीर रूप से जख्मी

चार बच्चों के साथ रेलवे स्टेशन जा रही थी महिला, छठ की खुशियां मातम में बदलीं; चालक पर कार्रवाई की मांग

शेखपुरा: प्रखंड कार्यालय के समीप गुरुवार को दमकल गाड़ी की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके चार बच्चों में से एक पुत्री गंभीर रूप से जख्मी हो गई। अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। मृतका की पहचान बाजितपुर गांव निवासी रंजू मांझी की पत्नी सजनी देवी के रूप में की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, सजनी देवी अपने चार बच्चों के साथ शेखपुरा रेलवे स्टेशन जा रही थी। वहां से ट्रेन पकड़कर उसे लखीसराय जाना था। वह किऊल नदी के समीप घुसकुंडी गांव स्थित अपने मायके में छठ पूजा में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान प्रखंड कार्यालय के समीप तेज रफ्तार दमकल गाड़ी की चपेट में आने से यह हादसा हो गया।

दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 12 वर्षीय पुत्री स्वीटी कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल गाड़ी को जब्त कर लिया। वहीं, महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने पर यातायात डीएसपी ऋषभ कुमार, एएसपी डॉ. राकेश कुमार, टाउन थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे।

एएसपी डॉ राकेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी की जा रही है। इधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छठ पूजा की खुशियां मातम में बदल गईं। स्थानीय लोगों ने दमकल गाड़ी के चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। लोगों का आरोप है कि दमकल गाड़ी की तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ।

  

Related Articles

Post a comment