बिहार विधानसभा मानसून सत्र के पहले दिन अनुपूरक बजट पेश, निशांत ने पहली बार सदन में बोला, विपक्ष...

पटना: बिहार विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र की आज शुरुआत हो गई। मानसून सत्र की शुरुआत में नवनिर्वाचित सदस्यों के मनोनयन के साथ ही विभिन्न समितियों का गठन, शोक प्रस्ताव और वित्तीय कार्य सहित कई काम किए गए। इस दौरान वित्त मंत्री सह उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पहला अनुपूरक बजट पटल पर रखा। उन्होंने 87 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया। इस दौरान विपक्ष भी कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में दिखा और तख्ती लगाकर नारेबाजी भी की।

सत्र शुरू होने से पहले स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से शिष्टाचार मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। वैसे, विधान परिषद् में मंत्री निशांत कुमार का विशेष तौर पर स्वागत हुआ, क्योंकि आज उनका जन्मदिन भी है। स्वागत और बधाइयों के बीच स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि विधानसभा और विधान परिषद में उनका यह पहला दिन होगा। इसलिए वह विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि प्रेम कुमार एक बेहद अनुभवी नेता हैं और उनके पिता के भी काफी करीबी रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में काम करने का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान और सीखने का विषय है।

बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले महागठबंधन के विधायकों ने नीट पेपर लीक और बढ़ते अपराध को लेकर प्रदर्शन किया। विपक्ष के विधायक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इतना ही नहीं विपक्ष के विधायकों ने सदन में भी हंगामा किया। वहीं एनडीए के विधायकों ने तेजस्वी यादव के विदेश दौरे पर सवाल उठाया और पूछा कि कब तक आएंगे तेजस्वी यादव यह जवाब आप लोग क्यों नहीं देते हैं? आखिर नेता प्रतिपक्ष बिहार से कब तक गायब रहेंगे? हालांकि स्पीकर के समझाने के बाद दोनों पक्ष के विधायक शांत हुए।

  

Related Articles

Post a comment