शराब के नशे में बाइक सवार ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, 7 घायल
- by Manjesh Kumar
- 24-Jul-2026
- Views
शेखपुरा: नगर थाना क्षेत्र के शेखपुरा-शेखोपुरसराय मुख्य मार्ग पर जमालपुर स्थित सोतवा पुल के समीप तेज रफ्तार बाइक और ई-रिक्शा की जोरदार टक्कर में सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार मौके पर बाइक छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक सवार शराब के नशे में था और तेज रफ्तार में बाइक को लहरिया कट चला रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मटोखर की ओर से आ रहा ई-रिक्शा जमालपुर स्थित सोतवा पुल के समीप पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ई-रिक्शा का अगला पहिया टूट गया। हादसे में चेवाड़ा निवासी बुखन यादव की पत्नी शांति देवी, अमानतपुर गांव निवासी प्रताप यादव की पत्नी ललिता देवी, देवरा गांव निवासी सुबोध कुमार की पत्नी शिक्षिका नेहा कुमारी, जमालपुर निवासी बबलू कुमार की पत्नी आकृति देवी, स्टेशन के समीप रहने वाली कालोना देवी, करिहो निवासी ई-रिक्शा चालक अजीत कुमार सहित एक अन्य युवक घायल हो गया। बताया गया कि ई-रिक्शा पर सवार कुछ महिलाएं स्कूल में ड्यूटी के लिए जा रही थीं, जबकि कुछ महिलाएं मटोखर दह में पूजा करने जा रही थीं।
घटना की सूचना मिलते ही 102 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है। घटना की सूचना पर नगर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। एएसआई अमित कुमार और सशस्त्र बलों ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ई-रिक्शा को जब्त कर थाना ले जाया। बाइक सवार के फरार होने के बाद पुलिस बाइक के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाने में जुटी है। वहीं, भोजडीह मोड़ के समीप भी ई-रिक्शा और बाइक की टक्कर में तीन लोगों के घायल होने की सूचना है।


Post a comment