मुजफ्फरपुर में घूसखोर कृषि पदाधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार - निगरानी टीम ने ड्राइवर को भी दबोचा
- by Raushan Pratyek Media
- 17-Feb-2026
- Views
मुजफ्फरपुर : जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए जिला कृषि पदाधिकारी और उसके ड्राइवर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह ट्रैप कार्रवाई 17 फरवरी 2026 को SVU, बिहार द्वारा की गई, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
SVU को एक परिवादी द्वारा लिखित शिकायत दी गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि हिमांशु कुमार, जो अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सह प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर के पद पर तैनात हैं, खाद दुकान की जांच के नाम पर लाइसेंस रद्द करने का भय दिखाकर 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया कि यह रकम उनके ड्राइवर रामबाबू राय के माध्यम से ली जानी थी.
शिकायत मिलने के बाद SVU ने मामले की गोपनीय जांच और सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद SVU के पुलिस उपाधीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद और निगरानी डीएसपी सुधीर कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और तय योजना के अनुसार 17.02.26 को कार्रवाई को अंजाम दिया.
SVU की टीम ने जैसे ही रिश्वत की रकम का लेन-देन शुरू हुआ, मौके पर छापा मार दिया। इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार और उनके ड्राइवर रामबाबू राय को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। निगरानी डीएसपी सुधीर कुमार ने बताया कि अधिकारी रिश्वत की राशि अपने ड्राइवर के माध्यम से ले रहे थे, जिसे सबूतों के साथ जब्त किया गया है.
इस मामले में SVU थाना कांड संख्या 6/26, दिनांक 17.02.26 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
SVU की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट...


Post a comment