कैश वैन लूट मामले में पुलिस ने एक और आरोपी का किया एनकाउंटर, बिहार में लगातार दूसरे दिन अपराधी हुआ जख्मी
- by Manjesh Kumar
- 27-May-2026
- Views
पटना: मंगलवार को खगड़िया के बाद अब एक बार फिर लगातार दूसरे दिन पुलिस ने अपराधी का एनकाउंटर किया है। लगातार दूसरे दिन राजधानी पटना की पुलिस ने कैश वैन लूट के दूसरे आरोपी का एनकाउंटर किया है। राजधानी पटना के मसौढी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कैश वैन लूट के दूसरे आरोपी नामी बदमाश मनेर निवासी अजय पासवान के पैर में गोली मारी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है तथा मसौढी अनुमंडल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि अजय पासवान भी कैश वैन लूट में शामिल था और लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में गई थी इसी दौरान अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अजय पासवान के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल हालत ने अजय पासवान को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि उसका एक अन्य सहयोगी सरवन भी गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि करीब 10 दिन पहले राजधानी के गोपालपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक कैश वैन से करीब 27 लाख रुपए लूट लिए थे। इस मामले में एसएसपी ने एक टीम गठित की है। पुलिस ने लूट मामले के एक आरोपी का पिछले दिनों भी एनकाउंटर किया था। अब इस मामले में पुलिस ने दूसरे अपराधी का एनकाउंटर किया है।


Post a comment