शेखपुरा में अलग अलग घटनाओं में बिजली करंट की चपेट में आने से किशोर समेत दो की मौत
- by Manjesh Kumar
- 30-May-2026
- Views
शेखपुरा: शेखपुर में शनिवार को दो अलग अलग घटनाओं में एक किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों ही घटनाओं में दो लोगों की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई वहीं परिजनों में कोहराम मच गया। पहली घटना अरियरी थाना क्षेत्र के नवी नगर कंकरार गांव की है, जहां खेत में बिछाए गए नंगे बिजली तार की चपेट में आने से 15 वर्षीय राहुल कुमार की मौत हो गई। राहुल गांव निवासी अशोक यादव का पुत्र था। बताया जाता है कि खेत में बोरिंग चलाने के लिए लंबी दूरी तक नंगा बिजली तार बिछाया गया था। किसी कार्य से खेत की ओर गए राहुल का तार से संपर्क हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन उसे सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने बोरिंग संचालक की लापरवाही बताते हुए कानूनी कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
वहीं दूसरी घटना कसार थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में हुई। यहां मवेशी की तलाश में निकले चंदन कुमार की 11 हजार वोल्ट के टूटे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। चंदन कुमार रात में अपने मवेशी को खोजने निकले थे। इसी दौरान जमीन पर गिरे बिजली तार से उनका संपर्क हो गया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने खेतों में खुले बिजली तारों के उपयोग पर रोक लगाने, विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाने तथा मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
शेखपुरा से धीरज सिन्हा की रिपोर्ट


Post a comment