मुजफ्फरपुर में कंपनी की आड़ में ठगी का खुलासा, पुलिस ने एक सदस्य को किया गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 27-May-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की साइबर पुलिस टीम ने एक बड़े साइबर फ्रॉड गिरोह का खुलासा किया है। यह गिरोह एक निजी कंपनी की फ्रेंचाइजी लेकर ग्राहकों के साथ-साथ कंपनी को भी ठगी का शिकार बना रहा थान मामले में पुलिस ने गिरोह के सक्रिय सदस्य मो चांद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड अभी फरार हैम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य सामग्री जब्त की है। वहीं, साइबर पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
दरअसल, पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि लोगों के साथ साइबर ठगी की जा रही है। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश मिश्र के निर्देश पर साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान मोतीपुर थाना क्षेत्र में संचालित एक संदिग्ध नेटवर्क का पता चला। पुलिस की जांच में सामने आया कि सरैया थाना क्षेत्र निवासी मो चांद एक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड नामक निजी कंपनी की फ्रेंचाइजी चला रहा था।
मो चांद ग्राहकों से ओटीपी लेकर उनके ऑर्डर में हेरफेर करता था। इतना ही नहीं, ग्राहकों के रिफंड का पैसा भी ओटीपी के जरिए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया जाता था। इस पूरी प्रक्रिया में कंपनी की साख और सिस्टम का दुरुपयोग किया जा रहा था, जिससे कंपनी भी ठगी का शिकार बन रही थी। इस पुरे मामले को लेकर नगर पुलिस अधीक्षक मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि मोतीपुर थाना क्षेत्र में स्थित एक गोदाम से साइबर फ्रॉड से जुड़े काम किए जा रहे थे। सूचना मिलने के बाद साइबर थाना की टीम ने कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से लैपटॉप, मोबाइल फोन, स्कैनर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। जब्त किए गए उपकरणों की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क के जरिए कितने लोगों को ठगा गया और इस गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment