डॉक्टर की गाड़ी में हाइवा ट्रक से लगी खरोंच तो ड्राइवर को बना लिया बंधक, घंटों हुआ बवाल

पूर्णिया: शहर के सहायक खजांची थाना के अंतर्गत शंकर चौक पर उस समय हंगामा मच गया जब एक हाइवा ट्रक के ड्राइवर को डाक्टर के आदेश पर घर में बंधक बना लिया गया। मौके पर घंटे भर बवाल होता रहा। झारखंड के पाकुड़ से गिट्टी लेकर ट्रक ड्राइवर लड्डू सिंह पूर्णिया के शंकर चौक स्थित राधा कृष्ण मंदिर के नज़दीक वाहन लेकर पहुंचा। इस क्रम में रोड पर जाम लगा था ट्रक बैक करने के दौरान रोड किनारे लगे डॉ राजीव रंजन के सफेद स्कार्पियो के हेडलाइट में हल्की खरोंच लग गई। इसके बाद डाक्टर के अंगरक्षक तमतमाते हुए बाहर आए और ट्रक के ड्राइवर को खींचते हुए गाली गलौज कर मारपीट कर घर के अंदर ले जाकर बंधक बना लिया। इस घटना के बाद लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की सूचना सहायक खजांची थाने को दी गई। पुलिस की टीम पहुंची फिर जाकर मामला शांत हुआ। 

स्थानीय निवासी ने डाक्टर पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये हमेशा मनमानी करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां आसपास की जमीन को अतिक्रमित कर लिया है। मना करने पर यहां रहनेवाले लोगों को हमेशा एससी एसटी केस में फंसाने की धमकी देते हैं। वार्ड पार्षद पर भी केस कर चुके हैं। ट्रक ड्राइवर ने डाक्टर और उसके सुरक्षा कर्मी पर मारपीट का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुझे धक्का देते हुए कमरे में ले गये और बाहर से ताला बंद कर दिया। पुलिस की पहल पर मामला शांत हुआ और ड्राइवर को छोड़ दिया।

  

Related Articles

Post a comment