जिले का अव्वल स्कूल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास जारी, 1.63 करोड़ का विकास प्रस्ताव भेजा गया : MLA


मुजफ्फरपुर : कांटी विधानसभा क्षेत्र के मड़वन प्रखंड के मॉडल स्कूल चैनपुर विशुनपुर में बुधवार को कांटी विधायक ई. अजीत कुमार की मौजूदगी में विद्यालय विकास एवं शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय लोगों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय की समस्याओं और आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की। वही, श्री कुमार के विद्यालय पहुँचने पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्वागत किया गया.


बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अजीत कुमार ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मड़वन प्रखंड का यह एकमात्र मॉडल स्कूल है, इसलिए इसके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक श्री कुमार ने बताया कि हाल ही में विधानसभा की प्राक्कलन समिति में भी स्कूल के विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था। इसके तहत आधारभूत संरचना निगम की ओर से 1 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से विद्यालय के विकास का प्रस्ताव भेजा गया है.


विद्यालय के प्रधान शिक्षक ने स्कूल की विभिन्न समस्याओं से विधायक अजीत कुमार को अवगत कराया। वहीं, सरपंच मो. नौशाद एवं पूर्व सरपंच रामचंद्र राय ने स्कूल समय के दौरान परिसर के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायत की। इस पर विधायक अजीत कुमार ने संबंधित थाना को सूचना देकर क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया।

  विधायक श्री कुमार ने कहा कि यह विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में जिले में अपनी अलग पहचान बनाए, इसके लिए शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा.


 इस मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो. शमीम, प्रधान शिक्षिका पिंकी कुमारी, सलोनी कुमारी, नागेश्वर पंडित, राजनीश कुमार, महमूद आलम, शिक्षाविद एवं किसानश्री रामा शंकर सिंह, अवधेश सिंह, अली अहमद, अंकेश ओझा, बिंदु देवी समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे.


मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट...

  

Related Articles

Post a comment