फार्मर रजिस्ट्री अभियान में तेजी को लेकर DM ने की बैठक, अब तक कुल 2 लाख 75 हजार 920 किसानों...

मुजफ्फरपुर: जिले में फार्मर रजिस्ट्री अभियान को लेकर जिलाधिकारी ने मिशन मोड में कार्य तेज कर दिया है। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रखंडवार प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप तेजी से कार्य करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि किसानों का निबंधन सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है और इससे किसानों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराया जा सकेगा। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर कार्य में उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करें।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले में अब तक कुल 2 लाख 75 हजार 920 किसानों का निबंधन किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 66 प्रतिशत है। इनमें 1 लाख 41 हजार 185 प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभुक किसान शामिल हैं। जिलाधिकारी ने इस प्रगति को संतोषजनक बताते हुए कहा कि शेष किसानों के निबंधन के लिए विशेष अभियान चलाया जाए ताकि कोई भी पात्र किसान रजिस्ट्री से वंचित न रहे।

बैठक में प्रखंडवार समीक्षा के दौरान पाया गया कि औराई प्रखंड में 17 हजार 845 किसानों का निबंधन किया गया है। बंदरा में 8 हजार 991, बरूराज में 25 हजार 246, बोचहां में 20 हजार 791, मुरौल में 5 हजार 808 तथा गायघाट में 20 हजार 209 किसानों का निबंधन किया गया है। इसी प्रकार कांटी प्रखंड में 16 हजार 154, कटरा में 14 हजार 38, कुढ़नी में 24 हजार 515 तथा मरवन में 11 हजार 824 किसानों का निबंधन किया गया। मीनापुर प्रखंड में 22 हजार 162, मुसहरी में 13 हजार 30, पारू में 25 हजार 581 तथा साहेबगंज में 13 हजार 817 किसानों का निबंधन किया गया है। वहीं सकरा में 16 हजार 93 तथा सरैया में 19 हजार 816 किसानों का सफलतापूर्वक निबंधन किया गया।

प्रतिशतता के आधार पर समीक्षा में बंदरा प्रखंड का प्रदर्शन सबसे बेहतर पाया गया, जहां लक्ष्य के विरुद्ध 113 प्रतिशत किसानों का निबंधन किया गया है। इसके अलावा मुरौल प्रखंड में 103 प्रतिशत तथा मुसहरी प्रखंड में 94 प्रतिशत किसानों का निबंधन कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है। जिलाधिकारी ने इन प्रखंडों के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए अन्य प्रखंडों को भी इसी प्रकार कार्य करने की प्रेरणा दी। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश दिया कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों तक पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया जाए तथा पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक किसानों का निबंधन कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन किसानों का अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है, उनकी पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर निबंधन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता राजस्व, जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारियों तथा प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग करें और कार्य में तेजी लाकर उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करें। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों, कृषि समन्वयकों और संबंधित कर्मियों के सहयोग से अभियान को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिलेगा तथा कृषि क्षेत्र में डेटा आधारित योजना निर्माण को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य कर जल्द से जल्द शत-प्रतिशत निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment