फतुहा में बुलडोजर कार्रवाई से हड़कंप, अतिक्रमण करने वाले लोगों में मचा हड़कंप

पटना: वर्षों से जाम और अवैध अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे फतुहा में गुरुवार को प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू कर दिया। नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के तहत छोटी लाइन क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की शुरुआत की गई। जेसीबी मशीनों के साथ पहुंचे अधिकारियों ने सड़क, नालों और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाना शुरू किया, जिससे अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और नगर परिषद की टीम मौके पर तैनात रही। प्रशासनिक सख्ती के बीच कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि अवैध निर्माणों पर जेसीबी चलाकर उन्हें ध्वस्त किया गया।

नगर परिषद का कहना है कि फतुहा की लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था और रोज लगने वाले भीषण जाम को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है। सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अभियान का उद्देश्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है। प्रशासन ने बताया कि कार्रवाई से पहले पूरे इलाके में माइकिंग कर लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें। इसके बावजूद जिन लोगों ने सरकारी निर्देशों की अनदेखी की, उनके खिलाफ बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की गई।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जगन्नाथ प्रसाद यादव के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान तीन दिनों तक लगातार चलेगा। छोटी लाइन से शुरू हुई कार्रवाई स्टेशन रोड, मुख्य चौक और गोविंदपुर बाजार तक पहुंचाई जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि यदि यह कार्रवाई पूरी ईमानदारी और बिना किसी भेदभाव के जारी रही, तो फतुहा की वर्षों पुरानी जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

  

Related Articles

Post a comment