फ्लो फ्लो में हो गया, सहरसा में पत्रकार से पिटाई के आरोपी डॉक्टर ने कहा 'बस हो गया...'

सहरसा: बिहार के सहरसा सदर अस्पताल में डॉक्टर के द्वारा एक अखबार के डिजिटल पत्रकार के साथ मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। हालांकि इस मामले में सरकार ने भी संज्ञान लिया है और जिलाधिकारी ने जांच टीम गठित कर दी है। बावजूद इसके सोमवार को बड़ी संख्या में पत्रकार विरोध प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे लेकिन जिले के प्रभारी मंत्री मिथिलेश तिवारी ने संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई के लिए शाम तक का वक्त मांगा जिसके बाद प्रदर्शन को तत्काल स्थगित कर दिया गया। इस बीच एक निजी अखबार के पत्रकार ने जब आरोपी डॉक्टर से बात करने की कोशिश की तो उन्होंने कहा कि फ्लो फ्लो में हो गया। वहीं आरोपी डॉक्टर डॉ एस के आजाद से जब 20 अन्य लोगों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने चुप्पी साध ली और कैमरा बंद करवा दिया।

जिले के प्रभारी मंत्री एवं शिक्षा मंत्री ने शाम तक का वक्त मांगा है जिसके बाद उम्मीद जताई जा रही है कि पत्रकार के साथ मारपीट के आरोपी के विरुद्ध जल्द कार्रवाई की जा सकती है। इस बीच सहरसा के पत्रकार और कुछ सामाजिक संगठनों ने कहा है कि अगर शाम तक मांगें नहीं मानी गई तो फिर कैंडल मार्च से आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। बता दें कि बीते दिन कवरेज के दौरान सहरसा सदर अस्पताल में डाॅक्टर समेत कुछ लोगों ने एक निजी अखबार के डिजिटल पत्रकार को कमरे में बंद कर पिटाई कर दी। हालांकि मामला सामने आने के साथ ही डीएम ने जांच के आदेश दिए थे।

  

Related Articles

Post a comment