पति पत्नी की लड़ाई की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, घर की तलाशी ली तो मिला..., गृह स्वामी हुआ फरार

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में पति पत्नी की लड़ाई की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान हथियार बरामद किया जबकि घर का मालिक भागने में सफल रहा। दरअसल डायल-112 पर मिली घरेलू विवाद और मारपीट की सूचना के बाद मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां से पिस्टल बरामद हुई। हालांकि, पुलिस को देखते ही घर में मौजूद एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। मामले में एसएसपी कांतेश मिश्रा के निर्देश पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खादी भंडार स्थित एलआईसी कॉलोनी का है। सोमवार की देर रात डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक घर में पति-पत्नी के बीच मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही घर में मौजूद दीपक कुमार मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में सोफानुमा बेंच पर लगे गद्दे के नीचे छिपाकर रखी गई एक पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने बरामद पिस्टल को जब्त कर लिया है।

इस मामले में मिठनपुरा थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार व्यक्ति की तलाश और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में पुलिस जुटी हुई है। डायल-112 पर मिली एक सूचना के आधार पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने घर में छिपाकर रखे गए हथियार का खुलासा कर दिया।

  

Related Articles

Post a comment