ग्राम प्रहरियों का हुआ सम्मान, DM-SP ने बांटे टॉर्च-साफा, सीएम योगी के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण
- by Manjesh Kumar
- 13-Oct-2026
- Views
सुलतानपुर (उप्र): पुलिस लाइन सुलतानपुर में ग्राम प्रहरियों के सम्मान एवं उत्साहवर्धन हेतु कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्राम प्रहरियों को टॉर्च व साफा देकर सम्मानित किया। इस दौरान जनपद बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मान कार्यक्रम का प्रोजेक्टर के माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया गया। सीएम ने प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि के महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी दी, जिससे उनके मनोबल को प्रोत्साहन मिलेगा।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं सतर्कता के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी ग्रामीण सुरक्षा की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों में घटनाओं, संदिग्ध गतिविधियों व कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली परिस्थितियों की सूचना समय से पुलिस तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है। अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क दृष्टि बनाए रखने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना पुलिस को देने, आपसी सौहार्द बनाए रखने व अफवाहों से बचने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


Post a comment