ग्रामीण सड़कों का तेज गति से हो रहा कायाकल्प, अब तक...
- by Raushan Pratyek Media
- 09-Mar-2026
- Views
पटना: बिहार के ग्रामीण इलाकों की पुरानी और जर्जर सड़कों की मरम्मती करने के लिए ग्रामीण कार्य विभाग की कवायद जारी है। ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत राज्य भर में अबतक 10 हजार किलोमीटर से भी अधिक पुरानी ग्रामीण सड़कों का कायाकल्प कर उन्हें नया स्वरूप प्रदान किया जा चुका है। यह योजना उन सड़कों के लिए संजीवनी साबित हुई है, जिनकी निर्माण के साथ पंचवर्षीय अनुरक्षण अवधि समाप्त हो चुकी थी। इस बार इसमें समस्तीपुर और मधुबनी जिलों में ग्रामीण सड़कों की मरम्मती में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
इसके तहत राज्य भर में कुल 18 हजार 21 ग्रामीण पथों के सुदृढ़ीकरण की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिनकी कुल लंबाई 30 हजार 848 किलोमीटर है। इसमें ग्रामीण कार्य विभाग के स्तर से अबतक 10 हजार 73 किलोमीटर सड़कों के सुदृढ़ीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसमें समस्तीपुर जिला ने शानदार कार्य किया है। यहां 712 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों को फिर से बनाया गया है।
मधुबनी जिले में कुल 656 किलोमीटर सड़कों के सुदृढ़ीकरण का काम पूर्ण हो चुका है। जबकि मुजफ्फरपुर में 521 किलोमीटर सड़कों का कायाकल्प किया गया है। सड़कों की संख्या के मामले में पूर्वी चंपारण जिले में सबसे अधिक 107 सड़कों की मरम्मति की गई है। इसके अलावा सीवान जिले में 465 किलोमीटर पुरानी सड़कों को सुदृढ़ किया जा चुका है। इसी तरह बांका जिला में भी 470 किलोमीटर ग्रामीण पथों का नवीनीकरण किया जा चुका है। ग्रामीण कार्य विभाग की इस पहल से राज्य में सिर्फ नई सड़कों का जाल बिछाने पर ही फोकस नहीं किया जा रहा है। बल्कि, पुरानी ग्रामीण सड़कों के भी निरंतर संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।


Post a comment