वाराणसी कोलकाता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का बिहार को भी मिलेगा लाभ, व्यावसायिक दृष्टिकोण से होगा अहम
- by Manjesh Kumar
- 16-May-2026
- Views
पटना: वाराणसी से कोलकाता तक बनने वाला ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बिहार को भी एक बड़ी सौगात के रूप में मिलने जा रही है। 610 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बिहार को मिलने से यह विकास की राह में गेम चेंजर साबित हो सकता है। इस हाईस्पीड कॉरिडोर का सबसे बड़ा फायदा बिहार को मिलेगा, क्योंकि इससे राज्य के 9 अहम जिलों की कनेक्टिविटी यूपी, झारखंड और पश्चिम बंगाल से सीधे मजबूत होगी। दक्षिण बिहार के कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और गया जैसे जिलों के लोगों के लिए सफर आसान, तेज और सुविधाजनक हो जाएगा।
करीब 35 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह एक्सप्रेसवे सिर्फ सड़क नहीं, बल्कि बिहार के लिए बड़ा आर्थिक रास्ता भी माना जा रहा है। जिन इलाकों से यह कॉरिडोर गुजरेगा, वहां कारोबार, ट्रांसपोर्ट, होटल, वेयरहाउस और छोटे-बड़े उद्योगों के बढ़ने की संभावना है। माना जा रहा है कि इससे दक्षिण बिहार में निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए मौके खुलेंगे। इसके साथ ही इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद वाराणसी से कोलकाता सहित बिहार से दोनों जगहों पर जाना काफी आसान हो जाएगा। इसका फायदा बिहार के कारोबारियों को मिलेगा।
वाराणसी से कोलकाता जाने वाली यह एक्सप्रेसवे बिहार के कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और गया जी से होकर गुजरेगा। इसके बाद यह झारखंड के भी कई जिलों से होकर जाएगा। इस सड़क के निर्माण के लिए पश्चिम बंगाल और झारखंड में वन विभाग की मंजूरी के लिए काम की गति धीमी थी लेकिन अब इसकी रफ्तार बढ़ गई है। सरकार की योजना के अनुसार मार्च 2028 तक इस एक्सप्रेसवे को पूरा कर लिया जाएगा।


Post a comment