मधेपुरा में सिविल सर्जन के विरुद्ध गोलबंद हुए डॉक्टर, IMA की बैठक में चिकित्सकों ने उठाई आवाज
- by Manjesh Kumar
- 28-May-2026
- Views
मधेपुरा: मधेपुरा में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और इंडियन डेंटल एसोसिएशन यानी की संयुक्त बैठक उस वक्त हंगामेदार हो गई जब जिले के सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार के खिलाफ डॉक्टरों ने खुलकर मोर्चा खोल दिया। आईएमए भवन में आयोजित बैठक में जिले भर के करीब 50 डॉक्टर शामिल हुए। आईएमए जिलाध्यक्ष डॉ धीरेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार निजी क्लीनिक और हॉस्पिटल संचालकों को लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना था कि बिना किसी ठोस कारण के निजी अस्पतालों पर जाकर अभद्र व्यवहार किया जाता है और चिकित्सकों को मानसिक रूप से परेशान किया जाता है।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ अशोक कुमार यादव ने सिविल सर्जन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका व्यवहार बिल्कुल भी व्यवहारिक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिविल सर्जन हमेशा डॉक्टरों को प्रताड़ित करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि इस तरह का व्यवहार मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति ही कर सकता है। उन्होंने सरकार से सिविल सर्जन के कार्यों की जांच कराने और कार्रवाई की मांग की। आईएमए सचिव डॉ अमित आनंद ने भी सिविल सर्जन के व्यवहार को अशोभनीय बताते हुए कहा कि डॉक्टरों के निजी क्लीनिक पर जाकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। उन्होंने कहा कि इससे उनकी मानसिक गरीबी झलकती है।
बैठक में प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार से मांग की गई कि राज्य स्तर पर कमेटी गठित कर सिविल सर्जन की मानसिक जांच कराई जाए और उचित कार्रवाई की जाए। वहीं आईडीए के डॉ प्रमोद कुमार ने क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट का हवाला देते हुए कहा कि 40 बेड से नीचे के अस्पतालों के लिए रजिस्ट्रेशन का कोई स्पष्ट नियम नहीं है। हालांकि हर क्लीनिक में फायर सेफ्टी, पॉल्यूशन और मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े प्रमाणपत्र होने चाहिए। लेकिन वर्तमान सिविल सर्जन नियमों की आड़ में डॉक्टरों के साथ बदतमीजी करते हैं।
डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि अगर सिविल सर्जन ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया तो आगे आंदोलन और कार्रवाई की रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में डॉ धीरेन्द्र कुमार, डॉ नायडू कुमारी, डॉ गंगेश गुंजन, डॉ बीएन भारती समेत कई चिकित्सक मौजूद थे।


Post a comment