तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक, पूर्णिया में निकाली गई जागरूकता रैली

पूर्णिया: तंबाकू एवं धूम्रपान के मद्देनजर आमलोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर आईएमए रोटरी क्लब और साइकिलिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली निकाली गई। जागरूकता रैली की शुरुआत आईएमए भवन से हुई जो शहर के विभिन्न मार्गों और  चौक-चौराहों से गुजरते हुए यह रैली जीएमसीएच परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ।

इस दौरान तंबाकू निषेध से संबंधित संदेशों एवं नारों से युक्त तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। रैली का नेतृत्व आईएमए के जिला अध्यक्ष डॉ आलोक कुमार ने किया इसके अलावा सचिव डॉ प्रिंस पंकज एवं वित्त सचिव डॉ तारकेश्वर कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। डॉ आलोक कुमार ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक एवं फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। उन्होंने युवाओं से इस घातक लत से दूर रहने की अपील की।

वित्त सचिव डॉ तारकेश्वर कुमार ने कहा कि तंबाकू न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार एवं समाज पर भी गंभीर आर्थिक और सामाजिक दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने लोगों से तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ राकेश शर्मा, डॉ अंगद चौधरी एवं डॉ सुधांशु ने भी तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी खतरों पर प्रकाश डालते हुए जनजागरूकता को समय की आवश्यकता बताया। रोटरी क्लब के जिला अध्यक्ष अनिल लोहिया के साथ राजेश लोहिया, आलोक लोहिया, अभिनव विशाल, राज पंसारी, मो कामिल एवं सुनील लोहिया ने भाग लेते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

साइकिलिंग एसोसिएशन के सचिव विजय शंकर के नेतृत्व में मनोज पटोदिया, शशांक शेखर सिंह, राजू झा, अशोक पटोदिया एवं प्रणव ने साइकिल रैली के माध्यम से स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जागरूकता अभियान में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय रही। अक्षत, प्रियांशी पंकज, यश एवं अंशुमन सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तंबाकू मुक्त पूर्णिया के निर्माण का संकल्प दोहराया। जीएमसीएच पहुंचने पर रैली जनसभा में परिवर्तित हो गई, जहां उपस्थित सभी लोगों को जीवन में कभी भी तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए तंबाकू मुक्त वातावरण आवश्यक है और इसके लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है।

  

Related Articles

Post a comment