जलजमाव से परेशान हो लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन, कहा 'जल्द निराकरण नहीं किया गया तो फिर...'

कटिहार: भीषण गर्मी के बाद मौसम ने करवट बदल कर लोगों को राहत तो दी लेकिन कई इलाकों में जलजमाव ने परेशानी को काफी बढ़ा दिया है। कई जगहों पर आलम ऐसा हो गया है कि लोग अपने अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं। कटिहार में जलजमाव से परेशान लोगों ने जम कर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की। कटिहार के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ठाकुरबाड़ी मल्हादार टोला के लोगों ने जलजमाव की समस्या से परेशान हो कर रविवार को विरोध प्रदर्शन किया।

लोग पानी में ही खड़े हो कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि वर्षों से यह समस्या है कि थोड़ी सी भी बारिश में जलजमाव हो जाता है और यहां रहने वाले लोगों की जिंदगी नर्क बन जाती है। इस संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को अवगत कराया गया लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। जलजमाव की वजह से सड़क पर निकलने पर सभी लोगों खास कर बुजुर्ग और बच्चों को काफी परेशानी होती है। कई बार लोग गंदे जल में गिर कर चोटिल भी चुके हैं। इतना ही नहीं जलजमाव के कारण इलाके में मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है। बदबू और गंदगी के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब सड़क निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि उन्हें इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके।

  

Related Articles

Post a comment