The End लिख छात्र ने दे दी अपनी जान, परिजनों ने कहा 'काफी होनहार था लेकिन...'

शेखपुरा: शेखपुरा के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DEIT) में टीचर ट्रेनिंग करने वाले एक छात्र का शव उसके कमरे से बरामद होने पर अफरातफरी मच गई। मृतक की पहचान बरूई गांव निवासी कुणाल कुमार के रूप में की गई जो प्राथमिक शिक्षा प्रशिक्षण के द्वितीय वर्ष का छात्र था। बताया जा रहा है कि कुणाल ने घर के अपने कमरे में दीवार पर The End लिख कर पंखे से लटक अपनी जान दे दी। युवक के आत्महत्या की खबर लोगों को तब पता चली जब गुरुवार की सुबह महिलाएं झाड़ू लगाते हुए उसके कमरे की तरफ गई।

आनन फानन में उसका शव पंखे से उतारा गया और परिजन लेकर अस्पताल गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह अपने पिता का सबसे छोटा पुत्र था और शिक्षक ट्रेनिंग कर रहा था। आत्महत्या से पहले उसने अपने कमरे के दीवार पर लिखा था मैं आज अपनी जिंदगी खत्म कर रहा हूं आज खुद को समाप्त कर रहा हूं। मृतक के बड़े भाई अजीत कुमार ने बताया कि कुणाल पढ़ाई में काफी होशियार था। बुधवार रात हुआ खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था। गुरुवार सुबह में ही उसने बगल के पूजा घर में जाकर छत के पंखे से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। अजीत कुमार ने बताया कि कुणाल ट्रेनिंग के लिए बाजितपुर स्थित स्कूल नहीं गया था उसके व्हाट्सएप पर बाजितपुर के टीचर ने अनुपस्थित के बारे में पूछा था जिसका जवाब कुणाल ने दिया था कि वह आज नहीं आ सका और कल आएगा। मृतक के बड़े भाई ने आशंका जाते हैं कि कुणाल ने प्रेम प्रसंग के चलते यह कदम उठाया है।

उन्होंने बताया कि मुझे आसपास के लोगों से पता चला था कि कुणाल किसी लड़की से फोन पर बातचीत करता था। इस घटना के बाद पूरे परिवार के लोग दुखी हैं। सदर अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा युवक को मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार के लोग शव लेकर गांव चले गए। इसके साथ ही परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस मामले को लेकर नगर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि घटना के संबंध में लिखित शिकायत मिलने पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

शेखपुरा से धीरज सिन्हा की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment