बिहार विधान परिषद को मिलेंगे 8 नए सदस्य, आज होगा शपथ ग्रहण

पटना: बिहार की राजनीति में आज का दिन अहम रहने वाला है। बिहार विधान परिषद को आज आठ नए सदस्य मिलने जा रहे हैं। नवनिर्वाचित सभी सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह विधान परिषद उपभवन सभागार में आयोजित किया गया है। कार्यकारी सभापति रामवचन राय सभी आठ सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव के साथ कई मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। आठों सदस्यों के शपथ लेते ही विधान परिषद में उनके नए कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी।

दरअसल, विधान परिषद के निवर्तमान आठ सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त हो गया था। इन रिक्त सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान कराया गया, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए गए थे। खास बात यह है कि इन आठ सीटों में चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। चुनाव में बीजेपी, आरजेडी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने दो-दो सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि जेडीयू और जन सुराज पार्टी के खाते में एक-एक सीट आई।

  

Related Articles

Post a comment