बिहार को विकास की बड़ी सौगात पर डॉ प्रेम कुमार ने प्रधानमंत्री के प्रति व्यक्त किया आभार

पटना: बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वैशाली से बिहार को लगभग 34,470 करोड़ रुपये की 227 विकास परियोजनाओं की सौगात देने पर बिहारवासियों की ओर से उनके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार के प्रति विशेष स्नेह और राज्य के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एक बार फिर परिलक्षित हुई है। सड़क, ऊर्जा, शहरी विकास, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी ये परियोजनाएँ राज्य के आधारभूत ढाँचे को सुदृढ़ करने के साथ आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति प्रदान करेंगी।

उन्होंने कहा कि गंगा नदी पर लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित छह लेन का नीतीश सेतु बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ने वाला 19.7 किलोमीटर लंबा यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को सुगम बनाने के साथ व्यापार-वाणिज्य एवं क्षेत्रीय विकास को भी प्रोत्साहित करेगा। डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं एवं बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी इकाई का उद्घाटन तथा नई विकास योजनाओं का शिलान्यास राज्य में सड़क संपर्क, ऊर्जा उपलब्धता और औद्योगिक विकास को मजबूती प्रदान करेगा। वहीं, 100 पीएम ई-बसों की शुरुआत से शहरी परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम एवं पर्यावरण के अनुकूल बनेगी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश शहरी परिवारों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बिहार विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है। आधारभूत संरचना, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं रोजगार के क्षेत्र में हो रहे कार्य राज्य की प्रगति को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। इन प्रयासों से विकसित बिहार के संकल्प को मजबूती मिलेगी और विकसित भारत के निर्माण में बिहार की महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित होगी। डॉ प्रेम कुमार ने बिहार को विकास की इन महत्वपूर्ण सौगातों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति पुनः आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्यों को गति देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की भी सराहना की।

  

Related Articles

Post a comment