कटिहार में चोरों का तांडव, एक ही रात कई घरों से उड़ाए लाखों के सामान, महिला जगी तो...
- by Manjesh Kumar
- 19-Sep-2026
- Views
कटिहार: बरारी थाना क्षेत्र की लक्ष्मीपुर पंचायत के वार्ड संख्या- 16 में गुरुवार की देर रात चोरों ने एक साथ कई घरों को निशाना बनाकर ग्रामीणों की नींद उड़ा दी। ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने उमेश कुमार सिंह, दिनेश सिंह, श्रीराम मेहता, हरेराम मेहता, किशुनदेव मेहता, बिशुनदेव मेहता, सत्तो मेहता और धप्पू मेहता के घरों में चोरी का प्रयास किया। इनमें से दो-तीन घरों में चोर चोरी करने में सफल रहे, जबकि एक घर में महिला के जाग जाने के बाद चोर भाग निकले।
पीड़ित उमेश कुमार सिंह के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान चोर दूसरे कमरे में रखे बक्से और बैग को निकालकर घर के पीछे ले गए। सुबह नींद खुलने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था और पीछे का रास्ता खुला मिला। घर के पीछे खेत के पास सामान और बक्सा पड़ा मिला, जबकि करीब 50-60 हजार रुपये नकद और लगभग 3-4 लाख रुपये के जेवरात गायब थे। इसी तरह किशुनदेव मेहता के घर में भी चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर सामान बाहर निकाल लिया। पीड़ित के अनुसार, जिस कमरे में परिवार के लोग सो रहे थे, उसका दरवाजा चोरों ने बाहर से बंद कर दिया था। घर से निकाला गया सामान पीछे खेत के पास बिखरा मिला, जबकि नकदी और जेवरात गायब थे।
टीन की आवाज से खुली महिला की नींद, शोर मचाते ही भागे चोर
चोरी की कोशिश के दौरान एक अन्य घर में टीन खड़खड़ाने की आवाज सुनकर घर में सो रही महिला की नींद खुल गई। महिला ने बाहर हलचल महसूस की और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही चोर मौके से भाग निकले। महिला ने तत्काल आसपास के लोगों को फोन कर घर के पीछे कुछ लोगों के मौजूद होने की आशंका जताते हुए सतर्क किया।
ग्रामीणों में दहशत, पुलिस गश्ती पर भी उठे सवाल
घटना की सूचना मिलने के बाद उप प्रमुख प्रतिनिधि अमरेंद्र सिंह संजू पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष अखिलेश सिंह कुशवाहा और ग्रामीण विजय झा भी पहुंचे और पीड़ितों से घटना की जानकारी ली। वहीं वार्ड सदस्य मुकेश कुमार सिंह ने आशंका जताई कि चोरी की घटना में इलाके में सक्रिय कुछ असामाजिक तत्वों की भूमिका हो सकती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सूखा नशा करने वालों की संख्या बढ़ने की शिकायतें मिल रही हैं। वार्ड सदस्य के अनुसार, इस समस्या को लेकर पहले भी बरारी थाना को जानकारी दी गई थी। पुलिस की ओर से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की बात कही गई थी, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि अब तक नियमित रात्रि गश्ती दिखाई नहीं दी।


Post a comment