खुला नाला लगातार दे रहा बड़ी घटना को दावत, कागजी दावों की जमीनी स्तर पर निकल रही हवा
- by Manjesh Kumar
- 27-May-2026
- Views
पूर्णिया: जिले के बनमनखी नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता अभियान के नाम पर सिर्फ कागजी घोड़ा दौड़ाया जा रहा है। साफ-सफाई और स्वच्छता के नाम पर सरकारी राशि की बंदरबांट कर खानापूर्ति की जा रही है। नगर परिषद के वार्ड संख्या-14 में लंबे समय से खुले पड़े नाले से उठ रही बदबूदार दुर्गंध से स्थानीय लोगों का जीना मुहाल है। नाले की साफ साफ नहीं होने से इस आसपास रहनेवाले लोग दुर्गंध युक्त हवा के साथ रहने को मजबूर हैं। जिम्मेदार प्रतिनिधि को मतलब नहीं है और जिनके कंधे पर दायित्व है वे सिर्फ कागजी फाइल निपटाने में लगे हैं। इस मामले को लेकर लोग आक्रोशित हैं आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
खुले नाले से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों का सांस लेना भी मुश्किल है। भिनभिनाते मच्छर से बीमारी फैलने का खतरा बना है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस समस्या का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। साथ ही, नाला खुला रहने के कारण राहगीरों और वाहनों के गिरने की घटनाएं भी आम हो गई हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर परिषद में संबंधित विभाग के पदाधिकारी को कई बार मौखिक और लिखित शिकायत भी की गई लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने प्रशासन से अविलंब नाले पर ढक्कन लगाने की मांग की है। जहां लोग खुले नाले से परेशान तो वहीं लाखों की लागत से बना साईन बोर्ड अब नाले की शोभा बढ़ा रहा है। इस पर अविलंब कार्रवाई करने की मांग की जा रही है


Post a comment