गलगलिया में सशस्त्र सीमा बल की बड़ी कार्रवाई, 455 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ व पिस्टल बरामद
- by Manjesh Kumar
- 28-Sep-2026
- Views
किशनगंज: किशनगंज जिले के सीमावर्ती क्षेत्र गलगलिया में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) लगातार संयुक्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में 41वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, रानीडांगा के कमांडेंट के निर्देशन में एसएसबी, गलगलिया थाना पुलिस, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और विशेष कार्यबल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। प्राप्त जानकारी के आधार पर सुबह करीब 4:30 बजे बेसरबटी पंचायत के हाथीडूबा गांव स्थित एक घर में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान टीम 5 पैकेट में कुल 455 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर, एक पिस्टल, दो मैगजीन और नशीले पदार्थ की तौल मशीन बरामद की। कार्रवाई के दौरान मदन मोहन पासवान और उसके पिता रामजपो पासवान को गिरफ्तार किया गया।
संयुक्त कार्रवाई में सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी भातगांव, सीमा चौकी निम्बूगुड़ी, गलगलिया थाना पुलिस, किशनगंज एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और विशेष कार्यबल की टीम शामिल रही। कार्रवाई के दौरान सहायक कमांडेंट अरविंद कुमार, भातगांव के कंपनी कमांडर, गलगलिया थाना के थानाध्यक्ष, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के पदाधिकारी तथा एसएसबी और पुलिस के जवान मौजूद रहे। गलगलिया किशनगंज जिले का महत्वपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्र है। भारत-नेपाल सीमा से सटे इस क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा बलों और पुलिस द्वारा लगातार निगरानी एवं संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। सशस्त्र सीमा बल की ओर से भी सीमावर्ती इलाकों में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को लगातार तेज किया जा रहा है।गिरफ्तार पिता-पुत्र से पूछताछ कर बरामद मादक पदार्थ और हथियार के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद सामग्री कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


Post a comment