छोटी सी लापरवाही बनी दुर्घटना का कारण, मक्का कूटने वाली मशीन में युवक ने डाला हाथ तो...
- by Manjesh Kumar
- 16-May-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया जिले के कामाख्या ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत रहुआ मुसहरी में मक्का कुटाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक युवक का हाथ मशीन की चपेट में आने से बुरी तरह जख्मी हो गया। घायल युवक की पहचान सतकोदरिया निवासी शंकर ऋषि के पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजय कुमार मक्का कराने के लिए रहुआ मुसहरी गया हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मक्का कुटाई के दौरान मशीन बंद होने लगी थी। इसी बीच अजय कुमार भूसे निकलने वाली जगह को कपड़े से बंद करने का प्रयास कर रहे थे। मशीन पूरी तरह बंद भी नहीं हुई थी कि उन्होंने अंदर हाथ डाल दिया तभी हाथ मशीन की चपेट में आ गया और उनका हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। यह हादसा मक्का कुटाई मशीन चलाने वालों के लिए एक बड़ी चेतावनी है। चलती मशीन में किसी भी तरह की सफाई या मरम्मत करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। मशीन पूरी तरह बंद होने और बिजली या इंजन रुक जाने के बाद ही हाथ लगाना सुरक्षित माना जाता है। थोड़ी सी लापरवाही कभी-कभी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।


Post a comment