बिहार MLC चुनाव में सभी 10 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित, 9 सीट NDA तो एक सीट RJD के खाते में
- by Manjesh Kumar
- 11-Jun-2026
- Views
पटना: बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर चुनाव निर्विरोध संपन्न हो गया। सभी प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत दर्ज की जिसके बाद सभी को जीत का सर्टिफिकेट दिया गया। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद निर्वाचन आयोग ने सभी प्रत्याशियों को विजयी घोषित कर दिया। चुनाव में 9 प्रत्याशी NDA के थे जबकि 1 प्रत्याशी महागठबंधन की तरफ से राजद का। चुनाव की सबसे ज्यादा चर्चा जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की रही। निशांत कुमार पहली बार बिहार विधान परिषद पहुंचे हैं। उनके अलावा जदयू की ओर से भारती मेहता, शिवानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद भी निर्वाचित हुए हैं।
भोजपुरी स्टार पवन सिंह और निशांत बने MLC भारतीय जनता पार्टी की ओर से भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह ने भी जीत दर्ज की है। उनके साथ भाजपा के संजय प्रकाश मयूख, अनिल ठाकुर और शीला पंडित भी विधान परिषद पहुंचे हैं। लोजपा (रामविलास) से अशरफ अंसारी और राजद से सुनील सिंह भी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। सभी निर्वाचित सदस्य विधान परिषद पहुंच अपना सर्टिफिकेट प्राप्त कर रहे हैं। वहीं पवन सिंह अभी लखनऊ में हैं।
विधान परिषद की 9 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव और एक सीट पर उपचुनाव होना था। कुल 10 सीटों के लिए सिर्फ 10 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पत्रों की जांच में सभी उम्मीदवारों के पर्चे वैध पाए गए। इसके बाद चुनाव मैदान में उम्मीदवारों की संख्या और सीटों की संख्या बराबर होने से मतदान की जरूरत नहीं पड़ी। एमएलसी चुनाव में भाजपा और जदयू को 4-4 सीटें मिली हैं। वहीं लोजपा (रामविलास) और राजद के खाते में एक-एक सीट गई है। इस तरह एनडीए ने कुल 9 सीटों पर जीत दर्ज की है।


Post a comment